बुरहानपुर से गोपाल देवकर की रिपोर्ट।
बुरहानपुर। मध्य प्रदेश में साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू किए गए “सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन” अभियान के तहत बुरहानपुर पुलिस ने भी जागरूकता अभियान चलाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल में अभियान के शुभारंभ के बाद जिले में पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन में गोविंदजीवाला ऑटो टर्मिनल पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में आमजन को साइबर फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी ठगी, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराए या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित और जागरूक बनाना है।
बुरहानपुर पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और इंटरनेट का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील की है, ताकि साइबर अपराधियों के मंसूबों को विफल किया जा सके।
