बुरहानपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद पांडारोल नाला उफान पर आ गया है। नाले पर बनी पुलिया के ऊपर तेज बहाव के साथ पानी बहने से मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।
पुलिया पर पानी आने के कारण दोनों राज्यों के बीच आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी नई पुलिया का निर्माण पूरा नहीं हो सका, जिसके चलते हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। इससे ग्रामीणों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से पुलिया पार करने का प्रयास न करने की अपील की है। साथ ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर निगरानी कर रही है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
