News by Azam Lala
भोपाल। साइबर अपराधों की रोकथाम और लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भोपाल देहात पुलिस ने “सेफ क्लिक 2.0” अभियान की शुरुआत की। थाना परवलिया सड़क क्षेत्र के सेंट जोसेफ इंटरनेशनल स्कूल, तारासेवनिया में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के 320 छात्र-छात्राओं और 15 शिक्षकों ने भाग लिया। पुलिस अधीक्षक ने फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन गेमिंग, फेक जॉब ऑफर, बैंकिंग फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
“रुको, सोचो, एक्शन लो” थीम के तहत विद्यार्थियों को किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंक डिटेल्स और पासवर्ड साझा न करने की सलाह दी गई। साथ ही बताया गया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

कार्यक्रम के बाद पुलिस अधीक्षक ने ग्राम परवलिया के ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो गांव-गांव जाकर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देगा।
भोपाल देहात पुलिस ने बताया कि आने वाले दिनों में स्कूल, कॉलेज, ग्राम पंचायत और सार्वजनिक स्थानों पर भी “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
