बुरहानपुर। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नेपानगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और कर्मचारियों को धमकाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 210/2026 में आरोपी कालाम पिता सलीम मुल्तानी निवासी नयाखेड़ा घटना के बाद से फरार था। आरोपी पर एमपीईवी (MPEV) के कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज करने, धमकाने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप हैं।
मामले में थाना नेपानगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी के महाराष्ट्र के एदलाबाद क्षेत्र में होने की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी नावरा उप निरीक्षक अजय सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक सुभाष मोरे एवं प्रधान आरक्षक मुकेश मोरे की सराहनीय भूमिका रही।
