बुरहानपुर। आगामी त्योहारों और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत सभागृह में विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) के रूप में नियुक्त कोटवारों का प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने कोटवारों को कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और पुलिस सहयोग से जुड़ी जिम्मेदारियों की जानकारी दी।
एसपी बागरी ने कहा कि कोटवार ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस, प्रशासन और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सक्रियता से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने कोटवारों को अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ करने की सलाह दी।

प्रशिक्षण के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील परिस्थितियों में पुलिस सहयोग, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, अफवाहों की रोकथाम और आपराधिक घटनाओं की तत्काल सूचना देने जैसे विषयों पर विशेष मार्गदर्शन दिया गया।
एसपी ने स्पष्ट किया कि विशेष पुलिस अधिकारी के रूप में मिले अधिकारों का उपयोग केवल जनहित और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जाए। किसी भी प्रकार के दुरुपयोग या अनुचित आचरण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक सुनील दीक्षित, थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा, सूबेदार दीपाली यादव, जिले के कोटवार एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
