रिपोर्ट गोपाल देवकर
बुरहानपुर। जिले की जनसुनवाई में एक ग्रामीण युवक ने शराब के प्रचार-प्रसार को लेकर गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक युवक सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और अपने व्यवसाय के प्रचार के लिए गांव-गांव जाकर लोगों को मुफ्त में शराब पिलाता है तथा उसके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करता है।
ग्रामीण रमजान तड़वी ने बताया कि संबंधित युवक अपनी गाड़ी में शराब लेकर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में पहुंचता है तथा लोगों को मुफ्त में शराब उपलब्ध कराता है। उनका आरोप है कि इस तरह के वीडियो युवाओं और बच्चों को शराब की ओर आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे मजदूर वर्ग और ग्रामीण परिवारों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है तथा सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं।
शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि गांवों में बढ़ती शराबखोरी के कारण विवाद, चोरी और अन्य सामाजिक समस्याओं में भी वृद्धि हो रही है।
वहीं जिला आबकारी अधिकारी पार्थ शर्मा ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति शराब का प्रचार-प्रसार करता है या लोगों को घर-घर जाकर शराब पिलाता है, तो यह नियमों के विरुद्ध है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर, आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अमन शिवहरे ने कहा कि उनके वीडियो में शराब नहीं, बल्कि अन्य पेय पदार्थ और कोल्ड ड्रिंक का उपयोग किया जाता है। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता उनके कंटेंट और दर्शकों के समर्थन की वजह से है।
फिलहाल मामला प्रशासन तक पहुंच चुका है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोप कितने सही हैं। प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
