बुरहानपुर से गोपाल देवकर की रिपोर्ट
बुरहानपुर। जिले के खकनार ब्लॉक में आदिम जाति कल्याण विभाग के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों ने वेतन विसंगति की समस्या को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर से न्याय की मांग की। शिक्षकों का कहना है कि तीन वर्ष की सेवा पूर्ण करने के बावजूद उन्हें नियमानुसार पूर्ण वेतन का लाभ नहीं मिल रहा है।
शिक्षकों ने बताया कि मध्य प्रदेश के अन्य जिलों में समान श्रेणी के शिक्षकों को तीन वर्ष की सेवा पूरी होने के बाद पूर्ण वेतन दिया जा रहा है, लेकिन खकनार ब्लॉक में आज भी यह व्यवस्था लागू नहीं हो सकी है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे शिक्षकों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि मामले की जांच कर जल्द से जल्द वेतन विसंगति दूर की जाए। उनका कहना है कि वे लंबे समय से इस समस्या को लेकर विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।
शिक्षकों का दावा है कि आदिम जाति कल्याण विभाग के अंतर्गत खकनार ब्लॉक ऐसा क्षेत्र बन गया है, जहां पात्र शिक्षकों को भी पूर्ण वेतन का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में यह व्यवस्था पहले से लागू है।
अब शिक्षकों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन उनके मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर पर आवश्यक पहल करेगा और वर्षों से चली आ रही वेतन संबंधी समस्या का समाधान करेगा।
