बुरहानपुर से गोपाल देवकर की रिपोर्ट
बुरहानपुर। जिले की एक कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर रहवासियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। कॉलोनीवासियों का कहना है कि जिस भूमि को आवासीय बताकर उन्हें प्लॉट बेचे गए थे, वहां आज तक सड़क, बिजली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
रहवासियों के अनुसार, प्लॉट खरीदते समय उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि भूमि पूरी तरह वैध है और यहां सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ कॉलोनी विकसित की जाएगी। लेकिन वर्षों बीत जाने के बावजूद क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हुए, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित भूमि का डायवर्शन व्यक्तिगत आवासीय उपयोग के लिए हुआ था, जबकि कॉलोनी विकसित करने के लिए आवश्यक कॉलोनी लाइसेंस और ग्राम एवं नगर निवेश विभाग से अभिन्यास स्वीकृति प्राप्त नहीं की गई। इसके बावजूद भूमि को छोटे-छोटे प्लॉटों में विभाजित कर कई लोगों को बेच दिया गया।
मामले को लेकर कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बिना आवश्यक अनुमतियों और विकास कार्यों के प्लॉट बेचकर लोगों को गुमराह किया गया है।
वहीं एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित दस्तावेजों और स्वीकृतियों की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है, जबकि कॉलोनीवासी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
