प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना यानी PM-VBRY के तहत करीब 2400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी की। इस दौरान केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि देशभर के लगभग 200 स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि PM-VBRY सिर्फ रोजगार योजना नहीं, बल्कि युवाओं की आकांक्षाओं को मजबूत करने और उद्योगों को प्रोत्साहन देने का एक बड़ा अभियान है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक करीब 70 लाख नए रोजगार सृजित हुए हैं और इतनी ही संख्या में पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया गया है।
पीएम ने कहा कि लगभग 20 लाख युवाओं ने अपनी पहली नौकरी में छह महीने पूरे कर लिए हैं, जबकि 10 लाख लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि मिल चुकी है। अब तक 2000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जा चुकी है।
सरकार के अनुसार, 99,446 करोड़ रुपये की लागत वाली यह योजना अगले दो वर्षों में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखती है। योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मचारियों और अतिरिक्त रोजगार देने वाले संस्थानों दोनों को आर्थिक प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार, उद्योग और युवाओं के संयुक्त प्रयास से रोजगार सृजन को नई गति मिल रही है और यही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगा।
