भोपाल। राजधानी भोपाल के एक निजी अस्पताल से चार दिन पहले लापता हुआ 6 वर्षीय अंश मैना उत्तर प्रदेश के मथुरा में सुरक्षित मिल गया। बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद परिवार और पुलिस ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, अंश अपनी मां के इलाज के दौरान कोहफिजा क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल से भटक गया था। सीसीटीवी फुटेज और जांच में सामने आया कि वह अस्पताल से निकलकर करीब 4 किलोमीटर पैदल चलते हुए भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां से वह अकेले ही पातालकोट एक्सप्रेस में सवार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल पुलिस ने रेलवे पुलिस (RPF) और अन्य एजेंसियों को अलर्ट किया। ट्रेन के रूट की निगरानी के दौरान मथुरा स्टेशन पर आरपीएफ जवानों ने एक बच्चे को अकेले देखा और उसे अपनी सुरक्षा में ले लिया।
पुलिस जांच में अब तक किसी अपहरण या साजिश की पुष्टि नहीं हुई है। बताया गया है कि अंश मानसिक रूप से सामान्य बच्चों की तरह व्यवहार नहीं करता और स्कूल भी नहीं जाता।
इस पूरे अभियान में करीब एक दर्जन थानों के 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भोपाल पुलिस की टीम अंश को वापस लेकर आई। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस और आरपीएफ का आभार व्यक्त किया।
