मध्य प्रदेश के इंदौर में NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा अवंतिका मौर्य की मौत का मामला सामने आया है। धार जिले की रहने वाली अवंतिका पिछले तीन वर्षों से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थीं और अपनी बड़ी बहन के साथ इंदौर में रह रही थीं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात वह अपने एक रिश्तेदार से फोन पर बात कर रही थीं। इसी दौरान वह बिल्डिंग की तीसरी मंजिल की छत पर गईं। बाद में गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, अवंतिका लंबे समय से NEET की तैयारी कर रही थीं और हाल के दिनों में मानसिक तनाव में नजर आ रही थीं। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
अवंतिका के पिता डॉ. बंशीलाल मौर्य, जो खंडवा जिले में चिकित्सा अधिकारी हैं, ने कहा कि परिवार का सपना था कि अवंतिका डॉक्टर बने। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों और अभिभावकों से सकारात्मक रहने की अपील करते हुए कहा कि परीक्षा जीवन का केवल एक हिस्सा है, आगे भी कई अवसर मिलते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
