जबलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शनिवार शाम दो दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे के तहत जबलपुर पहुंचेंगी। वह भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से शाम 6:10 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगी और सर्किट हाउस नंबर-1 में रात्रि विश्राम करेंगी।
राष्ट्रपति 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यह कार्यक्रम सुबह 7:30 बजे सदर स्थित गैरीसन ग्राउंड में आयोजित होगा। इसके बाद वह रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। करीब 3,000 अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और सिविल लाइंस क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राज्यपाल मंगुभाई पटेल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, मंत्री राकेश सिंह और प्रह्लाद पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि जबलपुर पहुंच रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात प्रतिबंधों के बावजूद NEET परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों और उनके परिजनों को आवश्यक छूट प्रदान की जाएगी।
