अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु ने बुधवार को चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात की और उनके फिल्मी करियर से राजनीति तक के सफर की जमकर सराहना की। मुलाकात के बाद सामंथा ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि विजय केवल पर्दे के नायक बनने के लिए नहीं बने थे, बल्कि उनका व्यक्तित्व और लोगों से जुड़ाव हमेशा कुछ बड़ा करने का संकेत देता था।

सामंथा ने अपने संदेश में लिखा कि किसी ऐसे क्षेत्र को छोड़कर, जिसमें आपने महारत हासिल कर ली हो, पूरी तरह नए और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में कदम रखना बेहद साहस की बात है। उन्होंने कहा कि विजय का राजनीति में आना इस बात का उदाहरण है कि जीवन में कभी-कभी खुद से आगे बढ़कर समाज के लिए योगदान देने का निर्णय लेना पड़ता है।
अभिनेत्री ने कहा कि बहुत कम लोग ऐसे होते हैं जो इस पुकार को स्वीकार करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विजय अपने काम और इरादों से उन लोगों को भी सकारात्मक रूप से चौंकाएंगे जो पहले से उन पर भरोसा करते हैं।
गौरतलब है कि सामंथा और विजय ने ‘काठी’, ‘थेरी’ और ‘मर्सल’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया है। दोनों की मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और प्रशंसक इस लोकप्रिय जोड़ी को एक बार फिर साथ देखकर उत्साहित हैं।
