रिपोर्ट: तिलक शाक्या, रायसेन
रायसेन। शहर के अधिवक्ता मुकेश शाक्या को फिलीपींस कंट्री कोड (+63) वाले व्हाट्सएप नंबर से कॉल कर जान से मारने की धमकी देने और 1.25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले आरोपी को रायसेन पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने खुद को हर्ष बताते हुए अधिवक्ता से कहा था कि उसे उनकी हत्या की सुपारी मिली है और यदि 1.25 लाख रुपये दे दिए जाएं तो मामला खत्म कर दिया जाएगा। आरोपी ने व्हाट्सएप पर बैंक खाते की जानकारी और पासबुक की फोटो भी भेजी थी।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र गोयल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए विदेशी नंबर का इस्तेमाल किया था।
थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और जबलपुर से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कटनी निवासी अभिषेक के रूप में हुई है। पूछताछ में वैभव ठाकुर नामक एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी सामने आई है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इसी तरह की वारदात अन्य लोगों के साथ भी की है या नहीं। मामले की जांच जारी है।
