12 जून 2025, अहमदाबाद का वह दिन जब एयर इंडिया का बोइंग 787 विमान उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद क्रैश हो गया था । आज ही के दिन एक साल पहले अहमदाबाद में हुआ एयर इंडिया ड्रीमलाइनर विमान हादसा देश के इतिहास के सबसे दर्दनाक हादसों में दर्ज हो गया था। इस भीषण दुर्घटना में 260 लोगों की जान चली गई थी और सैकड़ों परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छिन गई थीं।
हादसे को आज पूरा एक साल हो गया है, लेकिन पीड़ित परिवारों के जख्म अब भी नहीं भर पाए हैं। कई परिवार आज अपने प्रियजनों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं, वहीं उनके मन में एक सवाल अब भी कायम है- आखिर उस दिन विमान हादसे की असली वजह क्या थी?
एक साल बीत जाने के बावजूद हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट अब तक सामने नहीं आई है। जांच एजेंसियां विमान के इंजन और अन्य तकनीकी पहलुओं की पड़ताल में जुटी हैं, जिसके चलते रिपोर्ट में देरी बताई जा रही है।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि उन्हें आज भी उस रिपोर्ट का इंतजार है, जो उनके अपनों की मौत के पीछे की सच्चाई सामने ला सके। कई परिजन पारदर्शी जांच और जल्द रिपोर्ट जारी करने की मांग कर रहे हैं।
आज हादसे की पहली बरसी पर देश उन 260 लोगों को याद कर रहा है, जिन्होंने इस त्रासदी में अपनी जान गंवाई थी। लेकिन श्रद्धांजलि के साथ-साथ एक साल बाद भी कई सवाल ऐसे हैं, जिनके जवाब मिलने बाकी हैं। अब सभी की निगाहें उस अंतिम जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसका इंतजार परिवार पिछले 12 महीनों से कर रहे हैं।
