न्यूज़ बाय : रज़ा लाला ख़ान
यूरोपीय देश (Malta) के (Maghtab) इलाके में स्थित (Ta’ Lourdes) पटाखा फैक्ट्री में सोमवार (1 जून 2026) सुबह एक भीषण विस्फोट हुआ है। गनीमत यह रही कि धमाके के समय फैक्ट्री के अंदर कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से बच गया।
पहला शक्तिशाली धमाका सुबह लगभग 6:35 बजे (स्थानीय समयानुसार) हुआ, जिसके ठीक बाद दूसरा बड़ा विस्फोट हुआ। शुरुआती धमाकों के बाद भी कई घंटों तक छोटे-छोटे विस्फोट होते रहे।
घटना में कोई मानवीय मौत नहीं हुई है। हालांकि, पास के खेतों में काम कर रहे दो से तीन किसान (जिनकी उम्र 47 और 67 वर्ष बताई जा रही है) मलबे और शॉक के कारण मामूली रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके अलावा, इलाके के खेतों में मौजूद 4 मवेशियों (गायों) की इस हादसे में मौत हो गई।
धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, धमाके से पूरी जमीन हिल गई और आसपास के घरों व रिहायशी इमारतों की खिड़कियों के कांच टूट गए।
घटना के जो वीडियो सामने आए हैं, उनमें आसमान में काले धुएं का एक विशाल गुबार उड़ता हुआ और चारों तरफ मलबा बिखरा हुआ देखा जा सकता है।
