
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रभारी मंत्री लखन पटेल ने समस्याओं के जल्द समाधान का दिया आश्वासन |
समर्थन मूल्य (MSP) पर हो रही खरीदी में अव्यवस्थाओं को लेकर भारतीय किसान संघ, जिला विदिशा के प्रतिनिधि मंडल ने भोपाल पहुंचकर केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan और मध्य प्रदेश सरकार में पशुपालन एवं डेयरी मंत्री व विदिशा जिले के प्रभारी मंत्री Lakhan Patel से मुलाकात की। इस दौरान किसानों को खरीदी प्रक्रिया में आ रही विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया।
प्रतिनिधि मंडल ने केंद्रीय स्तर की समस्याओं को उठाते हुए चना और मसूर की खरीदी में ‘तेवड़ा’ को 5% छूट के साथ स्वीकार करने, मध्य प्रदेश के गेहूं खरीदी कोटा बढ़ाने तथा बायोमेट्रिक सत्यापन के साथ OTP व्यवस्था लागू करने की मांग रखी। इस पर केंद्रीय मंत्री ने इन मुद्दों के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
वहीं, प्रभारी मंत्री लखन पटेल के समक्ष 2 हेक्टेयर से अधिक भूमि वाले किसानों की स्लॉट बुकिंग में आ रही दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया गया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर स्लॉट बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके अलावा किसानों ने चमक विहीन गेहूं की खरीदी, स्लॉट बुकिंग और खरीदी की तारीख बढ़ाने, सैटेलाइट सत्यापन को अमान्य कर पटवारी गिरदावरी को मान्य करने तथा प्रति हेक्टेयर उर्वरक और खाद की मात्रा बढ़ाने जैसी मांगें भी रखीं।
मंत्रियों द्वारा सभी समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया गया, जिससे किसानों को खरीदी प्रक्रिया में राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
