भोपाल के शाहजहाँनाबाद थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर ईदगाह हिल्स इलाके में घेराबंदी कर एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय दीपक रावत के रूप में हुई है, जिसके पास से करीब 54 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 22,800 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी प्लास्टिक की बोरियों में 300 क्वार्टर देशी शराब छिपाकर रखे हुए था, जिससे वह अवैध तरीके से सप्लाई करने की तैयारी में था।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा मुक्त अभियान के तहत की गई है। पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ 13 मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, वहीं अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रखने की बात भी कही जा रही है।
NEWS BY : AAZAM LALA