हनुमानगंज पुलिस ने सिंधी कॉलोनी से दबोचा आरोपी; ब्रुप्रेनोर्फिन इंजेक्शन बरामद, पहले से भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

भोपाल में अवैध नशे के ख़िलाफ चल रही कार्रवाई के तहत हनुमानगंज पुलिस ने 385 नशीले इंजेक्शन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद इंजेक्शनों की अनुमानित कीमत करीब 21 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई सिंधी कॉलोनी चौराहे के पास की गई।
पुलिस के मुताबिक 8 अप्रैल की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक संदिग्ध परिस्थिति में बैग लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राहुल मिश्रा (29) निवासी सोहागपुर, जिला शहडोल बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 130 नशीले इंजेक्शन तथा 255 ब्रुप्रेनोर्फिन हाइड्रोक्लोराइड (रेस्टिजेसिक) इंजेक्शन बरामद किए गए। कुल 385 इंजेक्शनों में लगभग 770 एमएल नशीला पदार्थ भरा हुआ था।
जब पुलिस ने आरोपी से इन इंजेक्शनों से संबंधित वैध दस्तावेज और लाइसेंस मांगा, तो वह कोई काग़ज़ात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरे मामले में टी आई अवदेश सिंह भदौरिया की अहम भूमिका रही जिनकी अगुवाई में इस कार्यवाही को अंजाम दिया गया
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर पहले से भी शहडोल में मारपीट, धोखाधड़ी और नशे से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।