मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में एलपीजी वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए गोदामों से सिलेंडरों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. साथ ही सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि गोदाम से सीधे सिलेंडर बेचना अवैध है और ऐसी किसी भी गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
5 KG एलपीजी सिलेंडर की बढ़ाई गई उपलब्धता
उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे शहर में 5 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता बढ़ाई गई है. अब ये छोटे सिलेंडर वैध पहचान पत्र दिखाकर गैस एजेंसियों से आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं, इसके लिए पते के सत्यापन की आवश्यकता नहीं होगी.
आम लोगों को अफवाहों से बचने की सलाह
प्रवासी श्रमिकों को विशेष सुविधा देने के उद्देश्य से एचपीसीएल के चयनित आउटलेट्स पर 11 समर्पित हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं, जहां उन्हें नजदीकी एलपीजी वितरकों की जानकारी दी जा रही है. नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें और स्थापित डिलीवरी व्यवस्था पर भरोसा रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें.
एलपीजी की कहीं भी कोई कमी नहीं- दिल्ली सरकार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एलपीजी सप्लाई को लेकर संकट की खबरें लगातार सामने आ रही हैं. कई जगहों पर एलपीजी सिलेंडर लेने के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं. कई लोगों का आरोप है कि कई घंटों तक लाइन में लगने के बावजूद एलपीजी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रही है. इस बीच सरकार ने ऐसी किसी तरह की स्थिति का खंडन किया है. सरकार ने कहा है कि स्थिति पूरी तरह से सामान्य है.
4 अप्रैल को दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक पोस्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि राजधानी में एलपीजी की कहीं भी कोई कमी नहीं है. साथ ही, सरकार ने यह भी बताया कि कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं.