दिल्ली के सीमापुरी इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. 24 साल के युवक ने 15 साल की नाबालिग लड़की पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया. रविवार (5 अप्रैल) को इलाज के दौरान नाबालिग की मौत हो गई.
राजधानी में अपराध के मामले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं. ताजा मामला सीमापुरी थाना क्षेत्र का है, जहां 24 वर्षीय जतिन ने 15 साल की नाबालिग लड़की पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. घटना शाम करीब सवा पांच बजे की बताई जा रही है, जो पीड़िता के घर से लगभग 300 मीटर की दूरी पर हुई.
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक इस वारदात में कुछ और युवकों के शामिल होने की भी आशंका है. घायल नाबालिग ने हिम्मत दिखाते हुए खुद अपनी मां को फोन कर हमले की जानकारी दी, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
इलाज के दौरान नाबालिग की मौत
बताया जा रहा है कि नाबालिग ने हाल ही में 28 मार्च को अपना 15वां जन्मदिन मनाया था और 10वीं की परीक्षाएं भी दी थीं, लेकिन जिंदगी की शुरुआत ही उसके लिए आखिरी साबित हुई. रविवार (5 अप्रैल) सुबह करीब 5 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
आरोपी की पहली ही हो चुकी है मौत
वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जतिन के नई सीमापुरी के सी-ब्लॉक स्थित घर में सिलेंडर फटने से आग लग गई थी. इस घटना में उसकी मौत हो गई. उसका भाई आकाश जब मौके पर पहुंचा तो वह बुरी तरह झुलसा हुआ मिला था. जतिन ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था और पिता के निधन के बाद अपनी मां के साथ रह रहा था.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए दोनों के शव
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस हमले के पीछे असली वजह क्या थी और क्या इसमें कोई और भी शामिल था. इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये भी पढ़ें: ‘पिक्चर अभी बाकी है’, राघव चड्ढा ने पंजाब के मुद्दों पर वीडियो जारी कर AAP नेताओं को दिया जवाब