Gurdaspur News: पंजाब के गुरदासपुर के गांव मघरमूदीयां में स्थित एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में चोरी की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल फैल गया है. जानकारी के मुताबिक, बीती रात एक महिला और एक आदमी ने स्कूल को निशाना बनाया. चोर दोरांगला पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले स्कूल में रात 12:00 बजे के करीब दाखिल हुए.
चोरों ने बड़ी ही आसानी से स्कूल के ताले तोड़ दिए और अंदर रखे समान पर हाथ साफ कर दिए. उन्होंने दो भरे हुए गैस सिलेंडर, मिड-डे मील का राशन सामान और खाना बनाने का बर्तन चोरी कर लिए. सुबह जब स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा तो उसे चोरी का पता चला और उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया.
CCTV में कैद हुई वारदात
स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह सारी घटना कैद हो गई है. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक महिला और एक पुरुष स्कूल में दाखिल होकर समान चोरी कर रहे है. यह फुटेज अब पुलिस के लिए एक अहम सबूत के तौर पर है, जिसके आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की जा रही है.
स्कूल की मुख्य अध्यापिका आशा रानी ने बताया कि यह पहली बार नहीं हुआ है, बल्कि ऐसी चोरियां पहले भी हो चुकी हैं. लेकिन स्कूल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए. अध्यापिका आशा रानी प्रशासन से स्कूलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर दोरांगला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में कर ली है और मुलजिम की पहचान करने की कोशिश कर रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच जारी है और मुलजिम को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस इस घटना की तहकीकात कर रही है.