Skip to content

Pune Crime: पति-पत्नी के झगड़े ने ली मासूम की जान, मां ने पहले बेटी का गला घोंटा, फिर बेटे को…

Pune Crime News: महाराष्ट्र के पुणे जिले के मंचर में पारिवारिक विवाद के कारण हुई एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. एक महिला ने अपनी 13 साल की बेटी का गला घोंटने की कोशिश की और फिर अपने 6 साल के बेटे के साथ कुएं में कूद गई. इसस दर्दनाक हादसे में बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है.

बताया जा रहा है कि मृत बेटे का नाम निहांत आशीष बाणखेले है, जबकि घायल बेटी परिज्ञा आशीष बाणखेले का इलाज चल रहा है. इस मामले में आरोपी महिला 35 साल की हर्षदा आशीष बाणखेले के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला मंचर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है और इसके आगे की जांच जारी है. 

कुछ महीनों से चल रहा था विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले कई महीनों से लगातार विवाद चल रहा था. करीब 2-3 महीने पहले हुई लड़ाई के बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे थे. पति अपने माता-पिता के साथ रह रहा था, जबकि हर्षदा बाणखेले अपने दोनों बच्चों के साथ मंचर के लालबाग प्रेस्टीज इलाके में रह रही थी.

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे के करीब महिला ने घर में अपनी बेटी परिज्ञा का तार (वायर) से गला घोंटने की कोशिश की. साथ ही उसे लात-घूंसे भी मारे. गला घोंटने से परिज्ञा बेहोश हो गई. आरोपी महिला को लगा कि वह मर चुकी है, जिसके बाद उसने घर को बाहर से ताला लगा दिया.

बेटे के साथ कुएं में छलांग लगा दी

इसके बाद महिला अपने 6 साल के निहांत को लेकर स्कूटी से तपनेश्वर श्मशान भूमि के पास एक कुएं पर पहुंची. वहां उसने बेटे की जान लेने के इरादे से बेटे के साथ कुएं में छलांग लगा दी. पानी में डूबने से निहांत की मौत हो गई. हालांकि, आरोपी महिला को कुएं में मौजूद पाइप का सहारा मिलने से बच गई. घटना का पता चलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत दौड़कर दोनों को कुएं से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने निहांत को मृत घोषित कर दिया.

इस बीच ग्रामीणों ने घर का ताला तोड़कर देखा तो बेटी परिज्ञा घायल हालत में मिली. उसे भी तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. इस मामले में महिला के पति आशीष बाणखेले की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है और पुलिस उप-निरीक्षक यशवंत यादव मामले की आगे की जांच कर रहे हैं. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *