Dombivli Fraud Case: महाराष्ट्र के डोंबिवली से ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां खुद को सीबीआई (CBI) अधिकारी होने का दावा करते हुए दो लोगों ने एक व्यक्ति से करीब 71 लाख रुपये ठग लिए. पीड़ित का नाम महेश आगरकर है. आरोपियों ने महेश आगरकर को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उनसे पैसे ऐंठे. इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब आगरकर की पत्नी को उन आरोपियों पर शक हुआ और उन्होंने सच्चाई सामने लाई.
मार्च महीने के पहले सप्ताह में उन्हें एक फोन आया, जिसमें फोन करने वाले ने खुद को भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण में अधिकारी बताया. आरोपी ने कहा कि आगरकर के मोबाइल फोन से महिलाओं को गलत मैसेज भेजे गए हैं और इस मामले की जांच चल रही है.
फोन कॉल से शुरू हुआ पूरा खेल
आरोपियों ने आगरकर से संपर्क किया और उन्हें बताया कि इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है और आगे की जांच के लिए उनका मोबाइल फोन जब्त कर लिया जाएगा. इसके तुरंत बाद खुद को सीबीआई (CBI) अधिकारी बताने वाले संदीप कुमार राव ने आगरकर के बैंक खातों में गड़बड़ी का आरोप लगाया, जबकि करण शर्मा ने दावा किया कि वह बैंक के कमीशन एजेंट हैं और यह मामला गंभीर है. दोनों ने मिलकर ऐसा माहौल बना दिया कि आगरकर डर गए और उनकी बातों में आ गए.
फर्जी दस्तावेज दिखाकर ठगे लाखों रुपये
इस बीच, आरोपी ने आगरकर को सुप्रीम कोर्ट का फर्जी आदेश भेजा और कहा कि मुकदमे से बचने के लिए उन्हें कुछ पैसे जमा करने होंगे. पहले 7 लाख रुपये, फिर 9 लाख रुपये और आखिर में 54 लाख रुपये जमा करवाया गए. यह सुनकर डर के मारे आगरकर ने आरोपियों को 71 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए. आरोपियों ने उन्हें यकीन दिलाया कि बाद में ये पूरी रकम उन्हें लौटा दी जाएगी.
पत्नी की सूझबूझ से खुला राज
कुछ समय बाद आगरकर को इस मामले में शक हुआ और उन्होंने यह बात अपनी पत्नी को बताई. इसके बाद आगरकर की पत्नी ने आरोपियों से कुछ सवाल पूछे और दस्तावेजों की जांच की. जिसमें आरोपियों द्वारा भेजे गए दस्तावेजों की जांच करने पर पता चला कि वे फर्जी थे.
आगरकर ने तिलकनगर पुलिस स्टेशन में दौड़ लगाई और शिकायत दर्ज कराई. इस संबंध में डोंबिवली के सहायक पुलिस आयुक्त सुहास होमाडे ने कहा कि आरोपियों की जांच के लिए पुलिस टीम रवाना हो गई है. तिलकनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय कदम ने कहा कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. उनके बैंक लेनदेन की भी जांच की जा रही है.