Skip to content

घर में घुसकर 6 साल की बच्ची और बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या, वजह चोरी या पुरानी दुश्मनी?

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के पुणे जिले के वारकरी संप्रदाय की पावन नगरी के आलंदी में एक चौंकाने वाली घटना घटी है. केलगांव-हनुमानवाड़ी के ठाकरवाड़ी में एक 6 साल की बच्ची और उसकी देखभाल करने वाली 79 साल की वृद्ध महिला की हत्या कर दी गई है. यह घटना बुधवार की मध्यरात्रि के आसपास घटी है. 

जानकारी के अनुसार, बच्ची की दादी संगीता गवारी हमेशा की तरह केलगांव के इंद्रायणी कैंसर अस्पताल में हाउस कीपिंग के काम के लिए रात की पाली में गई थीं. घर पर उनकी 6 साल की पोती धनश्री सोनू केदारी और उसकी देखभाल के लिए पड़ोसी मंगल शिंदे ही थे. मध्यरात्रि में अज्ञात हमलावार ने घर में घुसकर गहरी नींद में सो रही धनश्री  का गला घोंट दिया और मंगल शिंदे के सिर पर गंभीर वार करके दोनों की हत्या कर दी. 

चोरी या पुरानी दुश्मनी?

गुरुवार सुबह संगीता गवारी काम से घर लौटें और खून से लथपथ शव को देखकर शोर मचाया. इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने तुरंत पुलिस को बुलाया. घटना की जानकारी मिलते ही आलंदी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे का असली मकसद क्या है? चोरी के इरादे से यह हमला हुआ या किसी पुराने दुश्मनी से. 

आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के साथ-साथ संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीमें बनाई हैं. पुलिस ने बताया कि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने की कोशिशें जारी है.

नागरिकों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की

इस घटना से आलंदी और आसपास के इलाकों में डर और गुस्सा फैल गया है. विशेष रूप से, वारकरी संप्रदाय की पावन नगरी के रूप में जानी जाने वाली आलंदी में इस तरह की क्रूर घटना होने से नागरिकों में बेचैनी बढ़ गई है.

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, और ऐसी घटनाओं को दोबारा न होने देने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही है. पुलिस भी इस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *