Skip to content

अशोक गहलोत का BJP नेता मदन राठौड़ को जवाब, कहा- रिटायरमेंट वाला मोदी-भागवत पर लागू होगा

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजनीति से रिटायरमेंट के लिए 75 साल वाले फार्मूले को लेकर  बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को जवाब दिया है. गहलोत ने पलटवार करते हुए कहा कि वह 100 साल तक राजस्थान की सेवा करना चाहते हैं. अगर 75 साल का फॉर्मूला लागू करना है तो पहले नरेंद्र मोदी और मोहन भागवत पर करो. ये नीति उनकी पार्टी की है.

कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने केरल में विधानसभा चुनाव के प्रचार से लौटने के बाद जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कई मुद्दों पर बयान दिया. गहलोत ने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा, “मैं तो कह चुका हूं, ये तो लागू होगा नरेंद्र मोदी पर या क्या नाम है उनका, हमारे आरएसएस के मोहन भागवत, उनके लिए लागू होगा.”

 पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “गांधीजी ने कहा था 125 साल तक मैं सेवा करना चाहता हूं और इन कट्टरपंथियों ने उनकी हत्या कर दी. मैं तो 100 साल तक सेवा करना चाहता हूं प्रदेशवासियों की, देशवासियों की. तो रिटायरमेंट  मेरे लिए लागू नहीं हो सकता. अब उन्होंने पता नहीं किस संदर्भ में कहा है, क्यों कहा है. उनको मालूम होगा, पर क्योंकि इन्हें ऊपर से जो कहा जाता है कि आपको आज क्या लाइन लेनी है, इनके मंत्रियों को, इनके नेताओं को, वो ही लाइन ले लेते हैं.” गहलोत ने कहा कि वो कौन होते हैं हमें सलाह देने वाले? वो तो पूरी कांग्रेस की राजनीति करने लग गए हैं. वो कांग्रेस नेताओं को कैसे कह सकते हैं कि आपको क्या करना चाहिए, क्या नहीं करना चाहिए?

गहलोत ने मोहन राठौड़ पर किया कटाक्ष 

राठौड़ पर कटाक्ष करते हुए गहलोत ने कहा, “जो हमने इनको इशू बनाए हैं, उसका जवाब दे नहीं रहे और गोलमाल जवाब दे रहे हैं. बड़ी बेइज्जती हो रही है इन लोगों की क्योंकि आप जवाब तो दो कम से कम, कुछ भी दो नेगेटिव दो, पॉजिटिव दो, कुछ भी कहो, पर आप संदर्भ से हटकर बात कर रहे हो.” बता दें कि मदन राठौड़ ने कहा था कि गहलोत का राजनीतिक जलवा अब खत्म हो चुका है. उनका कार्यकाल पूरा हो गया है, अब नई पीढ़ी को आगे आने देना चाहिए.  राठौड़ ने तंज कसते हुए कहा था, ‘गहलोत जहां गये, वहां उन्होंने पार्टी का नुकसान किया है. अब उन्होंने दिल्ली का रुख किया है और मैं इसके लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं.’

बीजेपी और RSS लोकतंत्र के लिए खतरा

इसके अलावा राजस्थान विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यक्रम को लेकर गहलोत ने कहा कि RSS और बीजेपी एक ही विचारधारा के संगठन हैं और दोनों लोकतंत्र के लिए खतरा हैं. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने प्रधानमंत्री मोदी के “कुछ बड़ा होने वाला है” वाले बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शैली जैसा है. ट्रंप अक्सर इस तरह के बयान देते रहते हैं और खुद मोदी को अपना दोस्त बताते हैं.

इसके बाद उन्होंने केरल में कांग्रेस की स्थिति को लेकर कहा कि वहां कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और सत्ता में आने के बाद “राइट टू हेल्थ” लागू करने का वादा किया गया है. उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में उनकी पार्टी जीत दर्ज करेगी. उन्होंने ये भी कहा कि पांच राज्यों में होने वाले चुनावों के लिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार है और केरल सहित अन्य राज्यों में पार्टी मजबूत स्थिति में है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *