Skip to content

नालंदा हादसे पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया, ‘शीतला मंदिर में हुई मौतों के लिए सरकार जिम्मेदार’

नालंदा के शीतला माता मंदिर में हुई भगदड़ और 9 श्रद्धालुओं की मौत पर बिहार कांग्रेस की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया दी गई है. प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा है कि इस मौत के लिए राज्य सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है. मंगलवार (31 मार्च, 2026) को पटना स्थित कांग्रेस मुख्यालय (सदाकत आश्रम) में वे मीडिया को संबोधित कर रहे थे.

राजेश राम ने कहा कि बीजेपी-जेडीयू की सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के पंचायत स्तरीय नेताओं के पीछे घूमने के लिए पुलिस उपलब्ध रहती है, लेकिन शीतला माता मंदिर में आए हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सरकार एक भी पुलिस जवान की तैनाती नहीं कर सकी. 

‘समय पर एंबुलेंस तक नहीं पहुंची’

कांग्रेस नेता ने कहा कि लगभग दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ के बावजूद वहां व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का एक जवान तक मौजूद नहीं था. भगदड़ के बाद लोग दम घुटने से तड़पते रहे, लेकिन समय पर एंबुलेंस तक नहीं पहुंची. यदि समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचाया जाता तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी. 

यह भी पढ़ें- Nalanda Stampede: 9 मौतें, मुआवजे का ऐलान, थानेदार सस्पेंड, नालंदा हादसे में क्या-क्या हुआ? | 10 बड़ी बातें

मृतकों के लिए सदाकत आश्रम में दो मिनट का मौन रखा गया. उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. राजेश राम ने आगे कहा कि दुर्भाग्य से बिहार में ऐसी सरकार है जो आम लोगों की सुरक्षा और जीवन की चिंता करने के बजाय उन्हें मुश्किलों में धकेल रही है. पहले रसोई गैस की भारी किल्लत से लोग परेशान हैं और अब बिजली की दरों में बेतहाशा बढ़ोतरी कर दी गई है.

राजेश राम ने कहा कि शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक का समय घरों में खाना बनाने और बच्चों की पढ़ाई का होता है, लेकिन इसी समय बिजली की दरों में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी गई है. भीषण गर्मी में रात 11 बजे से सुबह 9 बजे तक जब लोगों को पंखे और कूलर की जरूरत होती है, तब बिजली की कीमतों में 10 प्रतिशत की वृद्धि कर दी गई है. इसका सीधा असर गरीबों पर पड़ेगा.

यह भी पढ़ें- Nalanda Stampede: नालंदा की घटना से दुखी हुए नीतीश कुमार, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 6-6 लाख रुपये

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *