Skip to content

‘उनके चेहरे पर…’, इस्तीफे को लेकर कैसा था CM नीतीश कुमार का रिएक्शन? इस नेता ने बताया

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार (30 मार्च, 2026) को एमएलसी के पद से इस्तीफा सौंप दिया. संजय गांधी लेकर इस्तीफा पत्र लेकर विधान परिषद पहुंचे. इस्तीफे को स्वीकर कर लिया गया है. इस बीच बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने प्रतिक्रिया दी है.

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैंने सुबह मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की है. उन्होंने अपना इस्तीफा दिया है. प्रक्रिया हो रही है और सीट को खाली घोषित किया जाएगा. हम लोगों का बहुत दिनों से अच्छा संबंध रहा है. उसको हम लोग निभाते आ रहे हैं. उनके जाने से पूरा बिहार दुखी है.” 

‘आज विकसित राज्यों में होती है बिहार की गिनती’

अवधेश नारायण ने कहा कि सबको तकलीफ है कि इतना बढ़िया मुख्यमंत्री, विकासशील मुख्यमंत्री, सबको लेकर चलने वाले मुख्यमंत्री, हम लोगों के बीच से केंद्र में जा रहे हैं. हम लोगों को ये टीस बराबर रहेगी कि ऐसे मुख्यमंत्री जा रहे हैं जिन्होंने विकास किया, बिहार ने विकास की किरण को देखा. आज बिहार की गिनती विकसित राज्यों में होती है.

यह भी पढ़ें- विधायक पद से इस्तीफे के बीच नितिन नवीन की भावुक प्रतिक्रिया, ‘मैंने सदैव अपने…’

‘उनके चेहरे से कोई कुछ नहीं पढ़ सकता’

पत्रकारों ने सवाल किया कि आप जब सुबह नीतीश कुमार से मिलने गए थे तो क्या लगा? उनसे बातचीत में आज कैसा लगा? इस पर सीएम के रिएक्शन के बारे में अवधेश नारायण ने कहा, “इतने धैर्यवान और निष्ठावान व्यक्ति हैं कि बातचीत में उनके चेहरे से कोई कुछ नहीं पढ़ सकता है. हम लोगों को तकलीफ है कि इतने अच्छे आदमी जा रहे हैं… लेकिन उनके चेहरे पर जरा भी शिकन नहीं है.” 

जेडीयू एमएलसी संजय गांधी ने एमएलसी पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे पर कहा, “भावुक पल नहीं था, मुख्यमंत्री बहुत सहज महसूस कर रहे थे. वे नियमों का पालन करते हैं. लगभग 20 साल से हम साथ में एमएलसी रहे हैं.”

बता दें कि नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं. हालांकि उन्होंने अभी सीएम की कुर्सी से इस्तीफा नहीं दिया है. यानी अभी ये तय नहीं हुआ है कि मुख्यमंत्री के पद से कब इस्तीफा देंगे. माना जा रहा है कि इस पर भी जल्द फैसला हो जाएगा.

यह भी पढ़ें- BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिया MLA पद से इस्तीफा, अब कौन होगा बांकीपुर से उम्मीदवार?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *