बिहार बोर्ड की तरफ से आज दसवीं क्लास का रिजल्ट जारी कर दिया गया है. इस साल एग्जाम में 15 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए थे, जिन्हें नतीजे जारी होने का बेसब्री से इंतजार था. जो आज खत्म हो गया है. छात्र नतीजे आधिकारिक साइट results.biharboardonline.com पर देख सकते हैं. साथ ही यहां दिए गए स्टेप्स भी रिजल्ट चेक करने में मददगार हैं.
रिजल्ट को आधिकारिक तौर पर शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने जारी किया. इस मौके पर बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर मौजूद रहे. जैसे ही घोषणा हुई, वैसे ही छात्रों ने वेबसाइट पर लॉगिन करना शुरू कर दिया. इस साल मैट्रिक परीक्षा में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए थे. 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 के बीच हुई परीक्षा में पूरे राज्य से 15,12,687 छात्र-छात्राएं बैठे थे. अब उन सभी के लिए परिणाम सामने है. इस साल एग्जाम में 81.79 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं.
इस साल टॉपर्स की लिस्ट में सबसे आगे रहीं सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई की पुष्पांजलि कुमारी और उच्च माध्यमिक विद्यालय, छौड़ाही, वैशाली की सबरीन परवीन, जिन्होंने 492 अंक यानी 98.4% हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया है.
बिहार बोर्ड ने 10वीं (माध्यमिक) परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया है और इस बार के टॉप टेन छात्रों की मेधा सूची भी जारी कर दी गई है. इस सूची में कुल 139 परीक्षार्थियों का नाम शामिल है, जिनमें 57 छात्राएं भी हैं. इस बार की बिहार बोर्ड 10वीं परीक्षा में कुल 15,10,928 छात्र शामिल हुए, जिनमें 7,84,871 छात्राएं और 7,26,057 छात्र शामिल थे.
पिछले साल का रिजल्ट?
पिछले साल का रिकॉर्ड भी सबके सामने है. तब 15,58,077 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 12,79,294 छात्र पास हुए थे. पास प्रतिशत 82.11 रहा था. खास बात यह रही कि टॉप-10 में 123 छात्रों ने जगह बनाई थी, जिनमें 60 छात्राएं और 63 छात्र थे.
कहां देखें नतीजे
छात्र अपना रिजल्ट देखने के लिए Bihar School Examination Board की वेबसाइट results.biharboardonline.com के अलावा interbiharboard.com और bsebexam.com पर देख सकते हैं.
ऐसे डाउनलोड करें बिहार बोर्ड 10वीं का रिजल्ट
- छात्र सबसे पहले बिहार बोर्ड की आधिकारिक साइट results.biharboardonline.com पर जाएं.
- इसके बाद छात्र होम पेज पर “BSEB Matric Result 2026” लिंक पर क्लिक करें.
- फिर अपना रोल कोड और रोल नंबर भरें.
- अब छात्र सबमिट बटन दबाएं.
- इसके बाद स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देगा.
- इसे डाउनलोड करें और प्रिंट निकाल लें.