मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव में शनिवार देर शाम बीएसएफ के जवान नैन सिंह की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
धनपुर गांव निवासी नैन सिंह सीमा सुरक्षा बल (BSF) में कांस्टेबल के पद पर पश्चिम बंगाल में तैनात थे, 6 मार्च को छुट्टी पर घर आए थे और 2 अप्रैल को ड्यूटी पर लौटने वाले थे. घटना के समय वह घर में सो रहे थे. परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं, माता-पिता भी घर से बाहर थे, जबकि भाई काम पर गया हुआ था, घर में केवल नैन सिंह थे
इसी दौरान एक अज्ञात युवक घर में घुसा और सो रहे नैन सिंह को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि गांव के एक युवक से उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी. इसे लेकर तीन दिन पहले और घटना वाले दिन भी विवाद हुआ था.
वहीं घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है.
इंचौली थाना प्रभारी बजरंग प्रसाद ने बताया कि मृतक की पहचान नैन सिंह (35) के रूप में हुई है, जो धनपुर गांव का निवासी था. वह बीएसएफ में कांस्टेबल के पद पर तैनात था और इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था. उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और हमलावर की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं. पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि सिंह की तैनाती पश्चिम बंगाल में थी और वह छह मार्च को अपने घर आया था.