Skip to content

Noida Traffic Advisory: नोएडा में हाई अलर्ट, गाड़ियों के लिए ये रास्ते बंद, कई रूट डायवर्ट, जानें- कैसे जाएंगे दिल्ली?

उत्तर प्रदेश स्थित गौतमबुद्ध नगर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम के मद्देनज़र 28 मार्च 2026 को गौतमबुद्धनगर जिले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट घोषित किया गया है. प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 28 मार्च को करबा जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है. कार्यक्रम में अतिविशिष्ट और विशिष्ट महानुभावों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम लोगों के शामिल होने की संभावना है.

इसी को ध्यान में रखते हुए आमजन को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराने के लिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे, यमुना एक्सप्रेस-वे और कार्यक्रम स्थल के आसपास के मार्गों पर 28 मार्च को सुबह 07:00 बजे से रात 23:00 बजे तक भारी मालवाहक वाहन (HGV), मध्यम मालवाहक वाहन (MGV) और हल्के मालवाहक वाहन (LGV) के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा. इस दौरान केवल आपातकालीन वाहनों जैसे चिकित्सा और फायर सर्विस को ही आवागमन की अनुमति दी जाएगी.

 सीमावर्ती जिलों से आने वाले वाहनों के लिए क्या है रूट?

जनपद मेरठ और गाजियाबाद की ओर से आने वाले वाहन ईस्टर्न पेरीफेरल होकर सिरसा टोल से उतरकर सिरसा गोलचक्कर, डाडा गोलचक्कर, सुपरटेक गोलचक्कर होते हुए दाहिने टर्न लेकर नट मढैया गोलचक्कर, होण्डा सीएल चौक, पुस्ता तिराहा (एटीएस) से बाएं मुड़ते हुए गलगोटिया यूनिवर्सिटी के सामने डबल सर्विस रोड से फलैदा (रबूपुरा) कट, नगला कंचन तिराहा से बाएं मुड़कर दयानतपुर होते हुए दयानतपुर इंटरचेंज के नीचे स्नेहरा पुलिस चौकी के सामने बने अस्थायी गेट से प्रवेश करेंगे. इसके बाद निर्धारित सामान्य पार्किंग (जनपद मेरठ पी-07 व जनपद गाजियाबाद पी-06) में वाहन पार्क कर कार्यक्रम में शामिल होंगे.

जनपद मथुरा और अलीगढ़ से यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते आने वाले वाहन जेवर टोल पार करने के बाद जेवर कट से उतरकर दाहिने मुड़ेंगे और साबीता अंडरपास से किशोरपुर गेट के जरिए एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करेंगे. यहां निर्धारित सामान्य पार्किंग (जनपद मथुरा पी-05 व जनपद अलीगढ़ पी-09, पी-11) में वाहन पार्क करने के बाद कार्यक्रम में शामिल होंगे.

हापुड़, बुलंदशहर, गभाना, खुर्जा, जहांगीरपुर और बंकापुर की ओर से आने वाले वाहन जेवर-खुर्जा मार्ग से धर ग्राम थोरा से पहले दाहिने मुड़कर पारोही गेट से एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करेंगे. यहां टाटा बीचिंग प्लांट के सामने दाहिनी ओर निर्धारित पार्किंग (जनपद हापुड़ पी-14 और जनपद बुलंदशहर पी-13) में वाहन पार्क कर कार्यक्रम में शामिल होंगे.

 गौतमबुद्धनगर के अंदर से आने वाले वाहनों के लिए क्या व्यवस्था?

अतिविशिष्ट और विशिष्ट महानुभावों का आगमन यमुना एक्सप्रेस-वे के 32 किलोमीटर माइलस्टोन पर बने इंटरचेंज से होगा. यहां से प्रवेश कर उनके वाहन निर्धारित पार्किंग पी-01, पी-02 और पी-03 में पार्क किए जाएंगे, जिसके बाद वे शटल वाहन से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे.

मीडिया कर्मियों के वाहन किशोरपुर गेट से प्रवेश करेंगे और निर्धारित पार्किंग पी-08 में वाहन पार्क करने के बाद कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे. वहीं पुलिस, प्रशासनिक और अन्य विभागों के ड्यूटी पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी किशोरपुर गेट से प्रवेश कर पार्किंग पी-10 में अपने वाहन पार्क करेंगे.

प्रशासनिक बसें दयानतपुर मार्ग से होकर एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करेंगी और निर्धारित पार्किंग पी-15 में वाहन खड़ा करने के बाद कार्यक्रम स्थल तक जाएंगी.

 नोएडा-ग्रेटर नोएडा से आने वाले वाहनों का रूट क्या होगा?

नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहन गलगोटिया कट से उतरकर एक्सपोमार्ट गोलचक्कर से यू-टर्न लेकर एक्सपोमार्ट अंडरपास, आईएफएस विला गोलचक्कर और एनएसजी गोलचक्कर से होते हुए पुस्ता तिराहा (एटीएस) पहुंचेंगे. यहां से गलगोटिया यूनिवर्सिटी के सामने डबल सर्विस रोड से फलैदा (रबूपुरा) कट, नगला कंचन तिराहा से बाएं मुड़कर दयानतपुर इंटरचेंज के नीचे रनेहरा पुलिस चौकी के सामने बने अस्थायी गेट से प्रवेश कर सामान्य पार्किंग पी-07 में वाहन पार्क करेंगे.

ग्रेटर नोएडा वेस्ट और सूरजपुर की ओर से आने वाले वाहन परीचौक, पी-3 गोलचक्कर, होण्डा सीएल चौक से दाहिने मुड़कर पुस्ता तिराहा (एटीएस) से बाएं मुड़ते हुए गलगोटिया यूनिवर्सिटी के सामने डबल सर्विस रोड से फलैदा (रबूपुरा) कट, नगला कंचन तिराहा से बाएं मुड़कर दयानतपुर होते हुए रनेहरा पुलिस चौकी के सामने बने अस्थायी गेट से प्रवेश करेंगे और सामान्य पार्किंग पी-07 में वाहन पार्क करेंगे.

दनकौर, रोनीजा और स्युपुरा की ओर से आने वाले वाहन दनकौर रखुपुरा सर्विस मार्ग से फलैचा कट से बाएं मुड़ेंगे और तीर्थली चौराहा से दाहिने मुड़कर दयानतपुर इंटरचेंज के नीचे से होकर नहर की पटरी पर सिबारा पुलिया से बाएं मुड़कर बनाए गए अस्थायी गेट से प्रवेश करेंगे. इसके बाद पुराने दयानतपुर मार्ग पर सामान्य पार्किंग पी-07 में वाहन पार्क करेंगे.

जेवर कस्बा की ओर से आने वाले वाहन साबीता अंडरपास से होकर किशोरपुर गेट से एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करेंगे और निर्धारित पार्किंग पी-12 में वाहन पार्क करेंगे.

दो पहिया और हल्के वाहन से आने वाले आगंतुक किशोरपुर गेट से प्रवेश कर एयरपोर्ट परिसर में निर्धारित पार्किंग पी-04 में वाहन पार्क करने के बाद कार्यक्रम में शामिल होंगे.

 मालवाहक वाहनों के लिए डायवर्जन

जेवर-टप्पल मार्ग पर गोपालगढ़ की ओर से जेवर आने वाले कॉमर्शियल वाहनों को वापस टप्पल की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जहां से वे टप्पल या पलवल होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे.

खुर्जा से करबा जेवर की ओर आने वाले कॉमर्शियल वाहनों को कस्बा खुर्जा से ही डायवर्ट किया जाएगा. वहीं सिकंदराबाद और काकोड़ से जेवर आने वाले कॉमर्शियल वाहनों को कस्बा चबूरा नहर पुल से सलेरी की ओर डायवर्ट किया जाएगा.

आगरा की ओर से आने वाले यातायात को जेवर टोल से पहले बने यू-टर्न से आगरा की ओर डायवर्ट किया जाएगा. यह यातायात अलीगढ़-टप्पल मार्ग के जरिए अपने गंतव्य तक जा सकेगा.

नोएडा और ग्रेटर नोएडा से यमुना एक्सप्रेस-वे के जरिए आगरा जाने वाले वाहन परीचौक, अल्फा कॉमर्शियल गोलचक्कर, मेट्रो डिपो गोलचक्कर, 130 मीटर रोड, सिरसा गोलचक्कर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के जरिए अपने गंतव्य तक जाएंगे.

मेरठ, हापुड़ और गाजियाबाद कैसे जाएं?

मेरठ, हापुड़ और गाजियाबाद से ईस्टर्न पेरिफेरल के जरिए यमुना एक्सप्रेस-वे होकर आगरा, मथुरा, लखनऊ और अन्य राज्यों की ओर जाने वाले वाहन बिल अकबरपुर से उतरकर एनएच-91 का प्रयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.

पलवल से ईस्टर्न पेरिफेरल के जरिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे जाने वाले वाहनों का सिरसा लूप से उतरना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.

इसके अलावा गौतमबुद्धनगर के आंतरिक मार्गों पर भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का संचालन नो-एंट्री के प्रावधानों के साथ सामान्य रूप से रहेगा, लेकिन यमुना एक्सप्रेस-वे और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे के साथ यह प्रतिबंध लागू रहेगा. अन्य राज्यों या जिलों की ओर जाने वाले वाहन एनएच-24, एनएच-91 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *