Skip to content

Board Exam Paper Leak: पेपर लीक के शक में 12वीं हिंदी की परीक्षा रद्द, अब 10 अप्रैल को फिर होगी परीक्षा

Chhattisgarh Board Exam Paper Leak: छत्तीसगढ़ बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन की तरफ से 12वीं क्लास के छात्रों के लिए बड़ा फैसला लिया गया है. बोर्ड ने 14 मार्च 2026 को हुई हिंदी विषय की परीक्षा को रद्द कर दिया है. यह कदम उस समय उठाया गया जब प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायतें सामने आईं और सोशल मीडिया पर पेपर के वायरल होने की बातें तेजी से फैलने लगीं.

बोर्ड की ओर से जारी सूचना में साफ कहा गया है कि हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट (कक्षा 12) हिंदी परीक्षा (कोड 010/810) को अब “शून्य और अमान्य” माना जाएगा. यानी इस परीक्षा के नंबर मान्य नहीं होंगे और छात्रों को दोबारा परीक्षा देनी होगी.

कैसे सामने आया मामला?

परीक्षा के अगले ही दिन, यानी 15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट तेजी से फैलने लगीं. इनमें दावा किया गया कि हिंदी का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही लीक हो गया था. कुछ जगहों पर वही सवाल घूमते नजर आए जो परीक्षा में पूछे गए थे. इन दावों के बाद मामला गंभीर हो गया. शिकायतें मिलने पर एफआईआर दर्ज की गई और जांच शुरू हुई. बोर्ड ने भी इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया और परीक्षा समिति की बैठक बुलाई.

परीक्षा समिति की बैठक में हुआ फैसला

23 मार्च 2026 को हुई परीक्षा समिति की बैठक में इस मामले पर विस्तार से चर्चा हुई. उपलब्ध सबूतों और रिपोर्टों को देखने के बाद समिति ने माना कि परीक्षा की पवित्रता प्रभावित हुई है. ऐसे में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा रद्द करना जरूरी है. समिति की सिफारिश पर बोर्ड ने 14 मार्च को हुई हिंदी परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया.

अब कब होगी दोबारा परीक्षा

बोर्ड ने नई तारीख भी घोषित कर दी है. हिंदी विषय की दोबारा परीक्षा अब 10 अप्रैल 2026, शुक्रवार को आयोजित की जाएगी. परीक्षा का समय वही रहेगा, सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक.

सिलेबस में कोई बदलाव नहीं

बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा पहले की तरह ही कक्षा 12 के तय सिलेबस के आधार पर होगी. नियम और दिशा-निर्देश भी पहले जैसे ही रहेंगे. यह भी कहा गया है कि अगर किसी कारण से उस दिन स्थानीय अवकाश घोषित हो जाता है, तब भी परीक्षा तय समय पर ही होगी.

यह भी पढ़ें –  NTPC में Artisan Trainee पदों पर भर्ती शुरू, जानें कैसे और कब तक कर सकते हैं आवेदन?

परीक्षा का पूरा टाइम टेबल

  • सुबह 9 बजे तक सभी छात्र अपने परीक्षा केंद्र पर बैठ जाएं
  • 9 बजे उत्तर पुस्तिका दी जाएगी
  • 9:05 बजे प्रश्नपत्र बांटा जाएगा
  • 9:05 से 9:10 तक प्रश्नपत्र पढ़ने का समय मिलेगा
  • 9:15 बजे से उत्तर लिखना शुरू होगा
  • परीक्षा 12:15 बजे समाप्त होगी

यह भी पढ़ें  – UP Board: यूपी बोर्ड का नया कैलेंडर जारी, 1 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं, पूरे साल का शेड्यूल तय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *