गाजियाबाद के थाना ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में डबल मर्डर की घटना के बाद सनसनी फैल गई. यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी. हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गया. पत्नी का मृतक के साथ संबंध था जिसका विरोध आरोपी किया करता था. आरोपी के 7 बच्चे हैं जिसमें से बड़े बेटे की शादी हो चुकी है, हत्या को आरोपी ने अपने घर में अंजाम दिया.
गाजियाबाद के थाना ट्रोनिका सिटी के रामपार्क इलाके की बुद्ध बाजार कॉलोनी में राशिद अपनी पत्नी शबनम और 7 बच्चों के साथ रहता है. राशिद बांस बल्लियों का काम करता है उसका दोस्त फहीम भी उसके साथ यही काम करता है. गाजियाबाद में डीसीपी रूरल सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया की रात 12:40 पर डायल 112 को सूचना मिली की बुध बाजार मोहल्ले में झगड़ा हुआ है और इस झगड़े में दो लोग घायल हैं.
इस मौके पर पुलिस पहुंची तो देखा की शबनम जिसकी उम्र 36 वर्ष और फहीम जो 32 साल है उनका शव पड़ा है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि फहीम और राशिद दोस्त थे. फहीम और शबनम के संबंध थे जिनका राशिद विरोध करता था. इसी को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि राशिद ने फहीम को खाने पर बुलाया था. रशीद और शबनम के 7 बच्चे हैं, सब ने खाना खाया उसके बाद रशीद शबनम और फहीम कमरे में बैठे हुए थे वहां से जोर-जोर से आवाज आ रही थी. उसके बाद राशिद ने किसी हथियार से फहीम और शबनम पर गोली चला दी. दोनों को कितनी गोली लगी है कौन सा हथियार इस्तेमाल किया गया था यह अभी पुलिस जांच कर रही है. हालांकि यह तय है की दोनों को ब्लैक रेंज से गोली मारी गई जिससे उनका बचना नामुमकिन हो गया था. पुलिस ने राशिद की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है, वहीं वारदात के बाद परिवार घर पर ताला लगा कर चला गया है.