उत्तर प्रदेश के जनपद शामली से एक बार फिर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के कनेक्शन का मामला सामने आया है. जहां से गाजियाबाद पुलिस की स्पेशल टीम ने पाकिस्तान के लिए सैन्य ठिकानों और प्रमुख स्थानों की जासूसी करने के मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है. जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कम्प मचा हुआ है.
जानकारी के मुताबिक गिरफ्त में आए युवक के तार मथुरा में जासूसी के आरोप में पकड़ी गयी मीरा प्रजापति से जुड़े हैं. उधर परिजनों ने बताया कि पहले पुलिस पूछताछ के नाम पर उनके बेटे को लेकर गयी थी, अभी तक कोई जवाब नहीं दिया गया.
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, बाबरी थाना क्षेत्र के गांव बुटराड़ा निवासी समीर नाम के एक युवक को गाजियाबाद पुलिस की स्पेशल ने हिरासत में लिया है. पुलिस युवक को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई. बताया जा रहा है कि ईद के दिन गाजियाबाद पुलिस की स्पेशल सेल ने गांव के ही दो युवकों को हिरासत में लिया था जिनसे पूछताछ के बाद बाद में उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन पुलिस समीर नाम के युवक को पूछताछ के लिए साथ ले गई.
मीरा ठाकुर से जुड़े लिंक
हिरासत में लिए गए युवक पर आरोप है कि वह पाकिस्तान के लिए सैन्य ठिकानों एवं अन्य प्रमुख जगहों की जासूसी करता था. जिसके तार मथुरा के औरंगाबाद की रहने वाली मेरा प्रजापति उर्फ मीरा ठाकुर से जुड़े हुए हैं. जिसे गाजियाबाद पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के मामले में गिरफ्तार किया है. मीरा ठाकुर पर जासूसी और देश के संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने वाले गिरोह से उसके जुड़े होने के आरोप लग रहे हैं.
समीर को लेकर परिजनों का बयान
हिरासत में लिए गए युवक समीर के पिता ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं, जिसमें समीर दूसरे नंबर का है समीर का एक बड़ा भाई है और एक छोटा भाई है जो कि गांव में ही यह तस्ल की मजदूरी करते हैं. समीर थोड़ा मोटी बुद्धि का है और उसे इतना अभी भी कोई ज्ञान नहीं है वही समीर की अभी चंद महीनो पहले शादी भी हुई है.
बेटे के बारे में कोई जानकारी नहीं
हिरासत में लिए गए युवक के पिता शहजाद ने बताया कि गाजियाबाद की यह पुलिस आई थी और उनके बेटे को साथ लेकर गई है. जब उन्होंने पुलिस से पूछा कि उनके बेटे का जुल्म क्या है? तो उन्होंने इस बारे में कुछ नहीं बताया. उन्होंने कहा कि 24 घंटे के अंदर तुम्हें पूरे मामले की सूचना दे दी जाएगी लेकिन ईद से लेकर आज तक तीन दिन हो चुके हैं हमें किसी प्रकार की कोई सूचना नहीं दी गई है. यदि हमारे बेटे पर कुछ आरोप है तो वह हमें बताएं नहीं तो उसे जो दो अन्य गांव के ही युवक छोड़े गए हैं, उनकी भांति छोड़ दे.
प्रकरण की जांच के लिए ले गयी पुलिस
इस पूरे मामले में बाबरी थाना अध्यक्ष राहुल सिसोदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि गाजियाबाद पुलिस आई थी जो समीर को अपने साथ हिरासत में लेकर गई है. क्या मामला है क्यों उन्हें ले जाया जा रहा है. यह उन्होंने नहीं बताया बस यह बताया कि एक जांच एजेंसी द्वारा एक प्रकरण की जांच की जा रही है. इस मामले में इसे हिरासत में लिया गया है.