Skip to content

बस्ती में जमीन के लिए महिला की कर दी हत्या, रेलवे ट्रैक पर शव रखकर बनाया हादसा, आरोपी गिरफ्तार

बस्ती पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर महिला की लाश मिलने के मामले का खुलासा कर दिया है, पुलिस जांच में सामने आया है कि यह महज सिर्फ एक हादसा नहीं बल्कि हत्या थी. इस हत्यकांड में पुलिस ने एक आरोपी गिरफ्तार किया है, जो महिला का करीबी बताया जा रहा है. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने ही महिला को रास्ते से हटाने के लिए उसकी गला दबाकर हत्या कर दी.

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला थाना वाल्टरगंज क्षेत्र का है, जहां 5 मार्च को एक 55 वर्षीय महिला का शव रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध अवस्था में मिला था. हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में मामला हादसा प्रतीत हो रहा था. वहीं परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की थी.

पुलिस ने महिला के करीबी को पकड़ा

बताया गया कि पुलिस जांच में अभिषेक श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति नाम सामने आया, जो मृतका के काफी करीब था. जांच में यह भी पता चला है कि महिला घरेलू कार्यों के लिए उसी पर निर्भर थी और आरोपी ने इसी भरोसे का फायदा उठाया. मृतका का पति 14 साल से पैरालिसिस (लकवे) का शिकार है और बेटा नशे का आदी है.आरोपी ने महिला की मजबूरी का फायदा उठाकर उसकी दो बीघा जमीन अपने नाम करा ली और पैसे महज 3 लाख रुपये दिए.

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने धोखे से महिला की करीब 2 बीघा जमीन, जिसकी कीमत लगभग 19 लाख रुपये बताई जा रही है, अपनी पत्नी के नाम करा ली. आरोपी ने जमीन अपने नाम कराने के बाद महिला को सिर्फ साढ़े तीन लाख रुपये दिए और बाकी 16 लाख नहीं दिया. 

पैसे देने के बहाने बुलाकर की हत्या

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जब महिला ने बार-बार अपने पैसे की मांग की, तो आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई. महिला द्वारा बार बार बकाया मांगने पर आरोपी अभिषेक ने योजना के तहत महिला को पैसे देने के बहाने बुलाया और गला दबाकर हत्या कर दी.

मामले में क्या बोले पुलिस अधिकारी?

एसपी यशवीर सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं. सीसीटीवी फुटेज में आरोपी महिला को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाते हुए दिखाई दिया है. इसके अलावा दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी आपस में मेल खाती पाई गई.

जमीन से जुड़े लेन-देन और ट्रांजैक्शन को भी पुलिस ने सत्यापित कर लिया है, जो सिद्धार्थनगर में होना सामने आया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है. इस महत्वपूर्ण खुलासे के लिए पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का इनाम भी दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *