दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की इंटर-स्टेट सेल ने अवैध विदेशी शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके कब्जे से 12 कार्टन में रखी महंगी विदेशी शराब और शराब ढोने में इस्तेमाल MG हेक्टर कार भी जब्त की है. इस मामले में 20 मार्च 2026 को दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
वेस्ट पंजाबी बाग में बिछाया जाल
दरअसल, दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गुरुग्राम से सस्ती शराब लाकर दिल्ली में अवैध तरीके से सप्लाई कर रहा है और इससे मोटा मुनाफा कमा रहा है. इसी सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने 19 मार्च को पश्चिमी दिल्ली के वेस्ट पंजाबी बाग इलाके में रोड नंबर 40 के पास जाल बिछाया. जैसे ही संदिग्ध अपनी कार के पास पहुंचा पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया. तलाशी में कार से 12 कार्टन में रखी विदेशी शराब बरामद हुई.
नहीं मिला कोई लाइसेंस
बरामद शराब में ग्लेनफिडिक सिंगल माल्ट, चिवास रीगल और मंकी शोल्डर जैसी महंगी विदेशी व्हिस्की शामिल हैं. आरोपी इन ब्रांड की शराब को गुरुग्राम से खरीदकर दिल्ली में अवैध रूप से बेचने की तैयारी में था. पूछताछ के दौरान वह शराब के लिए कोई वैध परमिट या लाइसेंस भी नहीं दिखा सका.
पहले भी दर्ज है गुरुग्राम में मामला
बता दें कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान वेस्ट पंजाबी बाग निवासी 35 वर्षीय नमन कोहली के रूप में हुई है. उसके खिलाफ पहले भी गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है. क्राइम ब्रांच की टीम ने बरामद शराब और MG हेक्टर कार जब्त कर ली है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध शराब सप्लाई रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.