Skip to content

Delhi News: नई दिल्ली में PNG कनेक्शन का विस्तार तेज, NDMC ने तीन महीने के लिए सड़क शुल्क किया माफ

राष्ट्रीय राजधानी में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने बड़ा फैसला लिया है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के जरिए पाइप वाली प्राकृतिक गैस (PNG) कनेक्शनों के विस्तार को तेज करने के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई हैं, जिससे आने वाले दिनों में लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

वर्तमान स्थिति और जनहित को ध्यान में रखते हुए NDMC ने एक सर्कुलर जारी किया है. जिसका उद्देश्य IGL द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र में PNG कनेक्शनों का तेजी से विस्तार सुनिश्चित करना है. इस पहल से राजधानी के कई इलाकों में गैस कनेक्शन की उपलब्धता बढ़ेगी और लंबित कार्यों में तेजी आएगी.

तीन महीने तक सड़क बहाली शुल्क पूरी तरह माफ

पालिका परिषद के निर्देशों के अनुसार, PNG पाइपलाइन बिछाने के दौरान लगने वाला सड़क बहाली शुल्क सर्कुलर जारी होने की तारीख से तीन महीने के लिए माफ कर दिया गया है. इस फैसले से परियोजनाओं की लागत कम होगी और काम को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी.

स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम

यह निर्णय न केवल बुनियादी ढांचे के विकास को गति देगा, बल्कि लोगों के बीच स्वच्छ और सुविधाजनक ईंधन के उपयोग को भी प्रोत्साहित करेगा. PNG को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प माना जाता है, जिससे प्रदूषण कम करने में मदद मिलती है.

24 घंटे में मिलेगी सड़क काटने की अनुमति

NDMC ने यह भी निर्देश दिया है कि IGL को पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क काटने की अनुमति आवेदन मिलने के 24 घंटे के भीतर दी जाएगी. इसके साथ ही काम को तुरंत शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि प्रक्रियात्मक देरी खत्म हो और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बना रहे.

ये भी पढ़िए- Delhi News: गैंगस्टर रोहित गोदारा का शार्प शूटर करमवीर गिरफ्तार, फर्जी पासपोर्ट, दो आधार और वोटर ID बरामद

काम में तेजी के लिए संसाधनों की पूरी तैनाती

IGL को निर्देश दिया गया है कि वह पर्याप्त जनशक्ति और संसाधनों को तैनात कर प्राथमिकता के आधार पर काम पूरा करें. साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि खुदाई के बाद सभी हिस्सों को समय पर भरकर सुरक्षित किया जाए, जिससे आम जनता को कोई परेशानी न हो.

सड़क बहाली को भी दी गई प्राथमिकता

पालिका परिषद के सड़क डिवीजनों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रभावित सड़कों की मरम्मत तय समय सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर करें. इससे यातायात में बाधा कम होगी और लोगों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा.

सख्ती से लागू होंगे नए निर्देश

सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि वे इन गाइडलाइनों का तत्काल प्रभाव से कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें. यह सर्कुलर पालिका परिषद के चेयरमेन की पूर्व स्वीकृति से जारी किया गया है.

NDMC की यह पहल राजधानी में नागरिक-केंद्रित शासन, बेहतर शहरी ढांचे और स्वच्छ ऊर्जा समाधानों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है. आने वाले समय में इससे लाखों लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है.

ये भी पढ़िए- दिल्ली-NCR में बेमौसम बारिश का असर, गर्मी से राहत, किसानों की फसल को भारी नुकसान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *