शामली में ईद के पावन और खुशियों भरे मौके पर जहां लोग अपने अपनों को खास तोहफे देकर इस त्योहार को यादगार बनाते हैं. वहीं शामली से एक अनोखा और चर्चा में बना हुआ मामला सामने आया है. यहां के रहने वाले सुभान ने अपनी पत्नी को ऐसा तोहफा दिया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. सुभान ने अपनी पत्नी को करीब 200 ग्राम चांदी की बनी चप्पल गिफ्ट की है, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये से भी ज्यादा बताई जा रही है.
दरअसल, आपको बता दें कि मामला जनपद शामली का है. यहां के रहने वाले सुभान अनोखा तोहफा तैयार करवाने के लिए शहर के नया बाजार स्थित हरि शू मेकर की दुकान पर पहुंचे. यहां पर राजेश कुमार नाम का कारीगर इन चांदी की चप्पलों को अंतिम रूप देता हुआ नजर आया. चांदी की चमक और बारीक कारीगरी ने इन चप्पलों को और भी खास बना दिया है.
200 ग्राम है दोनों जोड़ी चप्पल का वजन- राजेश कुमार
कारीगर राजेश कुमार का कहना है कि यह चप्पल पूरी तरह चांदी से बनाई गई है और अब इसमें सोल लगाने का काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि एक चप्पल का वजन करीब 100 ग्राम है, यानी पूरी जोड़ी का वजन लगभग 200 ग्राम है. इसकी कीमत बाजार में एक लाख रुपये से भी अधिक बैठती है. कारीगर ने यह भी बताया कि आमतौर पर इस तरह की चांदी की चप्पलें शादियों या खास मौकों पर बनवाई जाती हैं, लेकिन ईद के अवसर पर इस तरह का ऑर्डर पहली बार उनके पास आया है. यही वजह है कि वह इस काम को बेहद सावधानी और बारीकी से पूरा कर रहे हैं, ताकि यह तोहफा और भी खास बन सके.
ये भी पढ़िए- UP News: हवस का विरोध करने पर ससुर ने छीन ली विधवा बहू की जिंदगी, मासूम पोती के सामने मार डाला
ईद के मौके पर पहली बार मिला चप्पल का ऑर्डर
कारीगर ने कहा कि हमने पहले भी चांदी की चप्पलें बनाई हैं, लेकिन ईद के मौके पर पहली बार ऐसा ऑर्डर आया है. हम पूरी मेहनत से इसे तैयार कर रहे हैं ताकि ग्राहक को कोई शिकायत न रहे. इस अनोखे तोहफे की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है. लोग इसे सुभान का अपनी पत्नी के प्रति प्यार और खास अंदाज में जताया गया उपहार बता रहे हैं. ईद जैसे त्योहार पर इस तरह का कीमती और अलग तोहफा लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
फिलहाल, सुभान का यह खास अंदाज और चांदी की चप्पल का अनोखा तोहफा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और यह ईद इस परिवार के लिए और भी यादगार बन गई है.
ये भी पढ़िए- एडीजी से डीजी बने IPS एलवी एंटनी देव कुमार, यूपी सरकार ने जारी किया आदेश