Skip to content

वाराणसी: गंगा में इफ्तारी पर यूपी में सियासत तेज, योगी के मंत्री ने सुना दी खरी-खरी

वाराणसी में पवित्र गंगा नदी में नाव में बैठकर कुछ मुस्लिम युवकों द्वारा इफ्तार पार्टी किए जाने और बिरयानी खाकर हड्डियां गंगा नदी में फेंके जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अब इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. इसके अलावा उन्होंने गैस सहित अन्य मुद्दों पर मीडिया से बातचीत की.

दरअसल प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अयोध्या के राजघाट स्थित बाटी वाले बाबा के आश्रम पहुंचे थे. मंत्री दयाशंकर सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है. उन्होंने दो टूक कहा कि “जहां लोग एक बूंद को पवित्र मानते हैं, वहां इस तरह के आयोजन करना गंगा को गंदा करने जैसा है और यह दूषित मानसिकता को दर्शाता है.” मंत्री ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में सरकार सख्त कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगी.

श्रद्धालुओं के लिए होगा अतिरिक्त बसों का संचालन- मंत्री

इसी बीच, राम नवमी को लेकर तैयारियों पर भी मंत्री ने अपडेट दिया. उन्होंने बताया कि हर साल लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंचते हैं, और इस बार भी भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा. मुख्यमंत्री ग्राम बस योजना के तहत ग्रामीण इलाकों को भी कनेक्ट करने की तैयारी है ताकि कोई भी श्रद्धालु यात्रा से वंचित न रहे.

प्रदेश में नहीं है गैस की कोई कमी- मंत्री

इसके अलावा योगी सरकार में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने गैस की किल्लत पर भी प्रतिक्रिया दी है. गैस की किल्लत पर फैल रही आशंकाओं पर मंत्री ने साफ किया कि अमेरिका–ईरान तनाव की खबरों के चलते लोग घबरा रहे हैं, जिससे एजेंसियों पर भीड़ बढ़ी है. लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया-प्रदेश में गैस की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *