उत्तर प्रदेश के अमेठी में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन सुप्रसिद्ध अति प्राचीन एवं पौराणिक शक्तिपीठ मां कालिका का धाम कालिकन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई. पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने मौके पर पहुंचकर मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा इंतजामों को परखा.
गुरुवार को सुबह थाना संग्रामपुर क्षेत्र स्थित कालिकन धाम पहुंचे एसपी सरवणन टी. ने मां कालिका की पूजा-अर्चना कर मेले की शुरुआत के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मंदिर के पीठाधीश्वर श्री महाराज से वार्ता करते हुए परिसर, मेला क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों, बैरिकेडिंग और पुलिस तैनाती की समीक्षा किया.
बड़े-बड़े राजनेता पहुंचकर कर चुके हैं दर्शन
इस सिद्ध पीठ पर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी अमिताभ बच्चन, राज बब्बर और स्मृति ईरानी सहित तमाम राजनेता एवं फिल्मी हस्तियां पहुंचकर देवी के दर्शन किए हैं.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
9 दिन तक चलने वाले विशाल मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा योजना लागू की है. मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं. कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है. प्रत्येक गतिविधियों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है. सीसीटीवी के माध्यम से 24 घंटे मॉनिटरिंग हो रही है. किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं फायर ब्रिगेड टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है.
नो व्हीकल जोन और पार्किंग व्यवस्था
कालिकन मंदिर परिसर से 200 मीटर की परिधि को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है. बाहर से आने वाले सभी श्रद्धालुओं के वाहनों को पार्किंग के लिए अलग से पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिल सके.
महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
9 दिन तक चलने वाले इस नवरात्रि मेले में महिला सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो टीम को सक्रिय किया गया है. साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके.
क्विक रिस्पांस टीम और अस्थायी चौकी
मेला क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पांस टीम तैनात की गई है, जो लगातार गश्त कर रही है. इसके अलावा एक अस्थायी पुलिस चौकी भी स्थापित की गई है. एसपी ने बताया कि कालिकन धाम के साथ-साथ जिले के अन्य प्रमुख देवी मंदिरों- देवीपाटन, अहोरवा भवानी और दुर्गन धाम सहित अन्य सभी देवी मंदिरों में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए हैं.
ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत चेकिंग
नवरात्र एवं ईद के त्योहार के दौरान सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. जिसके माध्यम से अपराधियों एवं अराजक तत्वों तथा वारंटियों को लगातार गिरफ्तार करके जेल भेजा जा रहा है.