दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि उत्तम नगर में ईद के मौके पर माहौल न बिगड़े. कोर्ट ने कहा कि पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने समेत तमाम एहतियाती कदम उठाए ताकि ईद का त्योहार शांतिपूर्ण मनाया जा सके. कोर्ट ने कहा कि इलाके में पुलिस के सुरक्षा प्रबंध रामनवमी के बाद तक जारी रखी जाए. साथ ही उम्मीद जताई कि समाज के सभी वर्ग भी आपस में संयम रखें ताकि शांति और सद्भाव बना रहे.
दिल्ली पुलिस की ओर से कोर्ट को आश्वस्त किया गया कि होली पर युवक की हत्या के बाद से ही सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतज़ाम किए गए है. केंद्रीय सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है. द्वारका जिले के 11 पुलिस थानों में सशस्त्र पुलिस की 8 कंपनियां तैनात की गई हैं. इसके अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 400 पुलिसकर्मी लगाए गए है. सोशल मीडिया एकाउंट पर नज़र रखी जा रही है.