बिहार के बेतिया से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां वाल्मीकि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एक बाघिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया है. यह मामला बुधवार (19 मार्च) का बताया जा रहा है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और वन विभाग के अधिकारी तत्काल सक्रिय हो गए हैं.
डेढ़ साल की बाघिन मृत अवस्था में की गई बरामद
जानकारी के अनुसार, जंगल से बाहर करीब डेढ़ साल की एक बाघिन मृत अवस्था में बरामद की गई है. बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से वन विभाग की टीम इस बाघिन पर लगातार नजर बनाए हुए थी. बाघिन की गतिविधियां असामान्य लगने पर उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की कोशिश भी की जा रही थी, लेकिन इसी बीच उसकी मौत हो गई.
घटना मंगूरहा वनक्षेत्र स्थित पंडई नदी के किनारे की है, जहां बाघिन का शव मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. जैसे ही इसकी सूचना वन विभाग को मिली, टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद बाघिन के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके.
विशेषज्ञों की टीम मामले की कर रही है गहन जांच
इस मामले में सीएफ गौरव ओझा ने पुष्टि करते हुए बताया कि बाघिन का शव मंगूरहा वनक्षेत्र में बरामद हुआ है. उन्होंने कहा कि फिलहाल विशेषज्ञों की टीम पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. बाघिन की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
वन विभाग इस घटना को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच कर रहा है. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा. फिलहाल सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत की असली वजह सामने आ सके.