Skip to content

सम्राट चौधरी बिहार के CM होंगे या नहीं, क्या चाहते हैं नीतीश कुमार? करीबी मंत्री ने किया खुलासा

बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार, 18 मार्च को इस अटकल को खारिज कर दिया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अपने उत्तराधिकारी के रूप में पेश किया है. दरअसल, नीतीश कुमार राज्यसभा जाने के लिए जल्द मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं. ऐसे में बिहार के अगले सीएम की चर्चा के बीच यह कयास लगने लगे कि सम्राट चौधरी सीएम रेस में सबसे आगे चल रहे हैं.

इस बीच नीतीश कुमार ने बुधवार को ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत जमुई जिले के दौरे के दौरान सम्राट चौधरी की ओर इशारा करते हुए कहा था, ‘‘ये बिहार को देखेंगे और राज्य काफी प्रगति करेगा.’’ इसके बाद मीडिया के एक वर्ग में यह कयास लगाए जाने लगे कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता नीतीश कुमार उप मुख्यमंत्री चौधरी को अगला मुख्यमंत्री बनाने का संकेत दे रहे हैं.

‘मैं वहां मौजूद था, ऐसा कुछ नहीं हुआ’- विजय चौधरी

हालांकि, जब इस संबंध में सवाल पूछे गए तो जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने कहा, ‘‘मैं वहां मौजूद था, इसलिए कृपया मेरे सामने अपनी व्याख्या न करें.’’ चौधरी ने यह जरूर स्वीकार किया कि उप मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री के साथ ईमानदारी से काम कर रहे हैं. 

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री की यह पुरानी आदत रही है कि वह अपने सभी मंत्रिमंडलीय सहयोगियों को प्रोत्साहित करते हुए कहते हैं कि वे आगे जिम्मेदारी संभालेंगे. इसमें कुछ भी नया नहीं है. आप लोग (पत्रकार) इसे नया संकेत मान रहे हैं.’’ 

नीतीश कुमार के सीएम कार्यकाल का आखिरी इफ्तार

विजय चौधरी मुख्यमंत्री आवास पर देर शाम पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, जहां मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने अपने वर्तमान कार्यकाल का आखिरी इफ्तार आयोजन किया. उन्होंने कहा, ‘‘हमारे मुख्यमंत्री हमेशा अल्पसंख्यकों का ख्याल रखते रहे हैं और यही कारण है कि वह हर साल रमजान के पवित्र महीने में मुसलमानों को अपने घर आमंत्रित करते हैं.’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *