Skip to content

Himachal News: बजट सत्र में जयराम ठाकुर के हमले पर CM सुक्खू का पलटवार – बीजेपी में आंतरिक गुटबाजी

हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के बहाने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा. इस पर CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सदन के बाहर पलटवार किया और कहा कि भाजपा की आंतरिक गुटबाजी के चलते नेता प्रतिपक्ष तनाव में हैं और केवल सरकार का विरोध जताने के लिए गलत तथ्य पेश कर रहे हैं.

 हिमकेयर में 1000 करोड़ खर्च किए

CM सुक्खू ने कहा कि प्रकृति खेती योजना के तहत इस वर्ष फसलों की खरीद शुरू की गई है जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है. स्वास्थ्य योजनाओं पर तुलना करते हुए उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार ने हिमकेयर में 1000 करोड़ और सहारा योजना में 202 करोड़ रुपये खर्च किए जबकि पूर्व सरकार ने हिमकेयर में केवल 202 करोड़ खर्च किए.

आर्थिक मुद्दों पर उन्होंने कहा कि पिछली सरकार को 70,000 करोड़ रुपये RDG और GST मुआवजे के रूप में मिले जबकि वर्तमान सरकार को केवल 17,000 करोड़ मिले हैं. उन्होंने पूर्व सरकार पर 1000 करोड़ रुपये की लागत से अनुपयोगी भवन बनाने और ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के आरोप भी लगाए.

 CM बोले – आय से ज्यादा कमाई दिखाने पर जांच जरूरी

विपक्ष के राजनीतिक दृष्टि से मुकदमे दर्ज करने के आरोपों पर CM सुक्खू ने स्पष्ट किया कि यदि किसी की आय 10 लाख है और कमाई एक करोड़ दिखाई जाती है तो उसके स्रोत की जांच जरूरी है. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ सीधी कार्रवाई की जा रही है और सदन में केवल आश्वासन देने की बजाय जमीन पर काम हो रहा है.

विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान BJP विधायक सतपाल सत्ती के सवाल पर CM सुक्खू ने कहा कि संदिग्ध सत्यनिष्ठा वाले अधिकारियों यानी ODI की अहम सरकारी पदों से छुट्टी होगी. इसको लेकर कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं.

 ड्रेस कोड पर सफाई – वर्दी नहीं शालीन कपड़े पहनने की सलाह

सरकारी दफ्तरों में ड्रेस कोड लागू करने को लेकर CM सुक्खू ने स्पष्ट किया कि सरकार ने किसी विशेष प्रकार की ड्रेस अनिवार्य नहीं की है बल्कि शालीन कपड़े पहनने की सलाह दी गई है. उन्होंने बताया कि 2021 के पुराने निर्देशों को ही लागू किया गया है और अधिकारियों को सोशल मीडिया पर अनावश्यक गतिविधियों से बचने को भी कहा गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *