Skip to content

Barabanki News: LPG सिलेंडर पर यूपी के राज्यमंत्री सतीश शर्मा बोले, ’45 दिन का स्टॉक सुरक्षित’

उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार (18 मार्च) को बाराबंकी कलेक्ट्रेट स्थित डीआरडीए गांधी सभागार में एक प्रेस-वार्ता का आयोजन किया गया. इस दौरान जनपद के तमाम जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया.

हालांकि जिले में गहराते गैस संकट और एजेंसियों के बाहर उमड़ रही बेतहाशा भीड़ के सवालों पर मंत्री ने विपक्ष और कालाबाजारियों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है बल्कि कुछ लोग जानबूझकर जनता को भड़काने और उकसाने का काम कर रहे हैं.

केंद्र के पास 45 दिनों का पर्याप्त है ईंधन स्टॉक- सतीश चंद शर्मा

सभागार में पत्रकारों से बाते करते हुए राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने आंकड़ों के जरिए पिछली सरकारों को घेरा. उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय देश में मात्र 15 से 20 दिनों का ही ईंधन स्टॉक रहता था लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हमारे पास 45 दिनों का डीजल, पेट्रोल और गैस का पर्याप्त स्टॉक सुरक्षित है. उन्होंने आगे जोड़ा कि पहले भारत आयात के लिए चंद देशों पर निर्भर था लेकिन आज 40 से अधिक देशों से ईंधन मंगाया जा रहा है जिससे आपूर्ति बाधित होने का कोई सवाल ही नहीं उठता.

ये भी पढ़िए- गोरखपुर हत्याकांड पर भड़के डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, बोले- ‘राज्यसभा में सबको…’

कालाबाजारी करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई- राज्यमंत्री

जिले की गैस एजेंसियों और गोदामों पर लग रही लंबी कतारों और उपभोक्ताओं की परेशानी पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए राज्यमंत्री ने इसे एक ‘साजिश’ करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व और सियासी लोग जनता के बीच भ्रम फैलाकर उन्हें सड़कों पर उतरने के लिए उकसा रहे हैं. मंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रशासन ऐसे ‘भड़काने वालों’ और कालाबाजारियों पर पैनी नजर रख रहा है. जहां भी अवैध स्टॉक या कालाबाजारी पाई जाएगी वहां सीधे एफआईआर (FIR) दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

ये भी पढ़िए- UP Panchayat Chunav पर बड़ी खबर, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पूछा- कब तक कराएंगे चुनाव?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *