दिल्ली में अवैध घुसपैठ और मानव तस्करी के मामले में दिल्ली पुलिस की फॉरेनर सेल नॉर्थ-वेस्ट जिला ने दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई 16 मार्च 2026 को मुखर्जी नगर थाना क्षेत्र में जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के पास की गई. पुलिस के अनुसार, उन्हें एक गुप्त सूचना मिली थी कि एक बांग्लादेशी नागरिक इलाके में मानव तस्करी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल है.
सूचना के आधार पर फॉरेनर सेल की एक टीम बनाई गई और जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के पास निगरानी शुरू की गई. इसी दौरान मुखबिर के इशारे पर संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई, जिसकी पहचान रॉबिउल मुल्ला के रूप में हुई.
दिल्ली पुलिस की जांच में हुआ अहम खुलासा
दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया कि रॉबिउल मुल्ला को वर्ष 2025 में भारत से डिपोर्ट किया जा चुका था, लेकिन वह फिर से अवैध तरीके से भारत में दाखिल हो गया और अपने पुराने गैरकानूनी कामों में जुट गया. पूछताछ के दौरान उसने अपनी महिला साथी के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उसी इलाके से उसकी सहयोगी 38 वर्षीय महिला को भी पकड़ लिया. जांच में यह भी पता चला कि आरोपी अवैध तरीके से कुछ महिलाओं को भारत लाकर उनसे गैरकानूनी गतिविधियां करवाने की योजना बना रहा था. फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और अवैध रूप से लाए गए लोगों की तलाश में जांच कर रही है.
ये भी पढ़िए- Delhi News: पालम मेट्रो के पास इमारत में कैसे आग ने जिंदा लील ली जिंदगियां, इन केमिकल्स ने भड़काई चिंगारी
पुलिस के पास मिला प्रतिबंधित IMO ऐप इंस्टॉल फोन
दिल्ली पुलिस को गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं, जिनमें प्रतिबंधित IMO ऐप इंस्टॉल था. इसके अलावा उनके मोबाइल फोन की गैलरी में बांग्लादेशी पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र की तस्वीरें भी मिली हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. उन्हें एफआरआरओ के सामने पेश किया गया है और तय प्रक्रिया के तहत उन्हें दोबारा बांग्लादेश भेजने की कार्रवाई की जा रही है. वहीं पुलिस इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है.
ये भी पढ़िए- भारी बारिश से दिल्ली के कई इलाकों में बिजली गुल, IMD ने राज्यों को भेजा अलर्ट, 16 फ्लाइट डायवर्ट