दिल्ली स्थित पालम में हुए भीषण आग हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा ऐलान किया है. दिल्ली सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है, जबकि मृत बच्चों के लिए 5 लाख रुपये की सहायता राशि तय की गई है. इसके अलावा गंभीर रूप से घायल लोगों को 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. सरकार ने राहत और बचाव कार्य तेज करने के साथ पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का भरोसा भी जताया है.
बता दें दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह, 18 मार्च को एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से एक बुजुर्ग महिला और उनकी तीन पोतियों समेत एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. महिला की एक पोती की उम्र मात्र तीन साल थी.
परिवार दूसरी और तीसरी मंजिल पर था
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में तीन लोग घायल हो गए जिनमें से दो लोगों ने आग से बचने के लिए इमारत से छलांग लगाई थी. यह इमारत पालम मेट्रो स्टेशन के पास राम चौक मार्केट में है. इमारत के ‘बेसमेंट’, भूतल और पहली मंजिल पर कपड़े तथा सौंदर्य प्रसाधन का शोरूम था, जबकि शोरूम के मालिक राजेंद्र कश्यप का परिवार दूसरी और तीसरी मंजिल पर रहता था.
पड़ोसियों ने बताया कि आग शुरू में पहली मंजिल पर लगी थी लेकिन तेजी से फैल गई. संभवतः दुकान में मौजूद अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ इत्र और अन्य सौंदर्य उत्पादों के कारण आग फैली. स्थानीय बाजार संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र अपनी पत्नी, पांच बेटों, एक बेटी, चार बहुओं और सात पोते-पोतियों के साथ उस इमारत में रहते थे. अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय घर में परिवार के कई सदस्य मौजूद नहीं थे. कश्यप गोवा में थे, जबकि उनका एक बेटा और उसका परिवार छुट्टी मनाने बाहर गए हुए थे.