Skip to content

Delhi News: कर्ज से बचने के लिए रेस्टोरेंट मालिक ने खुद ही करवाई फायरिंग, 3 आरोपी गिफ्तार

दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में फायरिंग की जो घटना पहले गैंगस्टर्स की धमकी लग रही थी. वो दरअसल एक सोची-समझी साजिश निकली. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि रेस्टोरेंट मालिक ने ही अपने ऊपर फायरिंग करवाकर खुद को गैंगस्टरों का निशाना दिखाने की कोशिश की थी. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक, 15 मार्च 2026 को पश्चिम विहार ईस्ट थाने में PCR कॉल आई थी कि BG-6 पश्चिम विहार इलाके में फायरिंग हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. जांच के दौरान नाइट आउल नाम के रेस्टोरेंट के आयरन गेट पर गोली लगने के दो निशान मिले. मौके से दो खाली कारतूस और गोली के टुकड़े भी बरामद किए गए. हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं थी.

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज से संदिग्ध लोगों की तस्वीरें निकाली गई और इलाके में उनकी पहचान करवाने की कोशिश की गई. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक आरोपी निहाल विहार के पास देखा गया है. 17-18 मार्च की रात पुलिस ने छापेमारी कर सन्नी उर्फ बोंग को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने बताया कि उसने ये फायरिंग तपन दास उर्फ विश्वास के कहने पर की थी. पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए तपन दास को भी सोनिया कैंप झुग्गी इलाके से गिरफ्तार कर लिया.

रेस्टोरेंट मालिक ने खुद से करवाई फायरिंग

जांच में सामने आया कि वही इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड है. पुलिस के मुताबिक तपन दास ने करीब 13 लाख रुपये का कर्ज लिया हुआ था और उसे चुकाने से बचना चाहता था. इसी वजह से उसने अपने ही रेस्टोरेंट पर फायरिंग करवाने की योजना बनाई. उसका मकसद था कि वो खुद को विदेश में बैठे गैंगस्टरों का टारगेट दिखाकर सहानुभूति हासिल करें. इलाके में दबदबा बनाए और फाइनेंसरों पर दबाव बनाकर पैसे देने से बच जाए.

ये भी पढ़िए- पालम अग्निकांड में मरने वालों की संख्या बढ़ी, तीन नाबालिग बच्चियों समेत 9 की मौत, 3 घायल

फायरिंग में इस्तेमाल स्कूटी को पुलिस ने किया बरामद

पुलिस जांच में तीसरे आरोपी कमलेश का नाम सामने आया. उसे भी 17-18 मार्च की रात उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में उसने बताया कि उसी ने साजिश के तहत फायरिंग की थी. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, घटनास्थल से दो खाली कारतूस, घटना के वक्त पहने कपड़े, फायरिंग में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है.

पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी पश्चिम विहार ईस्ट थाने के सक्रिय बदमाश बताए जा रहे है. फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है.

ये भी पढ़िए- Delhi News: यमुना निरीक्षण के लिए दिल्ली सरकार खरीदेगी दो VIP नावें, 6.2 करोड़ का टेंडर होगा जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *