उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में जिला कारागार में एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. जिसके बाद जेल प्रशासन में हड़कम्प मच गया है. मृतक कैदी काशीराम उर्फ़ अल्लू लूट के मामले में 10 साल की सजा काट रहा था. जबकि नशीले पदार्थ से जुड़ा मामला अभी विचाराधीन था. सोमवार को तबियत बिगड़ने के बाद उसे जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. जहां उसकी मौत हो गयी.
फिलहाल कैदी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं. वहीं इस मामले में परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी.
सोमवार को बिगड़ी तबियत
जेल प्रशासन के मुताबिक कैदी काशीराम (54 वर्ष) की तबियत सोमवार को अचानक बिगड़ी. उसने सीने में शिकायत दर्ज करवाई. जिसके बाद उसे जेल अस्पताल लाया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने के चलते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. काशीराम लूट के आरोप में जेल में बंद था और उसके एक नशीले पदार्थ का मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है.
परिजनों ने जेल प्रशासन पर लगाए आरोप
मृतक के परिजनों ने इस मौत पर सवाल उठाए हैं. मृतक की बहन का कहना है कि वह पांच दिन पहले ही जेल में अपने भाई से मिली थीं और उस समय वह पूरी तरह स्वस्थ था. ऐसे में अचानक हुई मौत कई संदेह पैदा करती है. परिवार का आरोप है कि बिना किसी गंभीर बीमारी के इस तरह मौत होना सामान्य नहीं है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
फिलहाल जेल प्रशासन का कहना है कि कैदी को सीने में दर्द की शिकायत के बाद तुरंत इलाज मुहैया कराया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ आगे कहा जा सकता है.