Skip to content

Delhi Fire: दिल्ली आग में 6 लोगों की मौत पर सीएम रेखा गुप्ता सख्त, दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार को एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने X पर पोस्ट करते हुए इस घटना पर गहरा दुख जताया और बताया कि 6 लोगों की मौत की आशंका है जबकि कुछ लोग अभी भी इमारत के अंदर फंसे हुए हैं. उन्होंने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं.

 आग लगने की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. दमकल विभाग के अनुसार मौके पर आग बुझाने के लिए कुल 25 गाड़ियों को तैनात किया गया. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की और धीरे-धीरे स्थिति को नियंत्रण में लाया जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी.

 धुएं के कारण कई लोग फंसे, 4 अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

इस हादसे में इमारत के अंदर मौजूद कई लोग धुएं के कारण फंस गए थे. राहत टीमों ने समय रहते लोगों को बाहर निकाला. धुएं की वजह से सांस लेने में दिक्कत होने पर चार लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और दमकल विभाग की टीमों को सहयोग करने लगे.

 CM रेखा ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि पालम में बहुमंजिला रिहायशी इमारत में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण आग की घटना की जानकारी पाकर बेहद दुख हुआ. प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 लोगों की मौत की आशंका है और कुछ लोग अभी भी इमारत के अंदर फंसे हुए हैं. जिला प्रशासन, दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग और दिल्ली पुलिस बचाव अभियान का नेतृत्व कर रही हैं. घटना की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं. उन्होंने सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की.

 शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के लिए टीम गठित

पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया और यातायात को नियंत्रित किया. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है. प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं. इमारत की सुरक्षा व्यवस्था और आग से बचाव के इंतजामों की भी जांच की जाएगी. आग के कारणों का पता लगाने के लिए मामला दर्ज कर जांच टीम का गठन किया गया है. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *